हरिद्वार। नगर निगम की बोर्ड बैठक से पहले भाजपा के साथ ही कांग्रेस के कई पार्षदों ने बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बैठक शुरू होने से पूर्व सभागार के बाहर अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई। भाजपा पार्षद दल के नेता प्रतिपक्ष सुनील अग्रवाल गुड्डू ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। जगह-जगह गंदगी के अंबार लगे हुए हैं। वार्डों से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। वार्ड की जनता परेशान है। लोग पार्षदों के घरों पर आकर उनसे सवाल पूछ रहे हैं। मेयर और अधिकारियों को शहर की सफाई पर ध्यान देना होगा। अनिरुद्ध भाटी ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था बदहाल स्थिति में है। नगर निगम की प्राथमिकता शहर की सफाई होनी चाहिए। मेयर और अधिकारी सफाई व्यवस्था को पटरी में लाने में असफल साबित हो रहे हैं। जनता की समस्याओं को ध्यान में रखकर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। राजेश शर्मा, अनिल वशिष्ठ ने कहा कि हरिद्वार में कुंभ प्रारंभ हो गया है। ऐसे में जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर से बाहर से आने वाले श्रद्धालु अच्छा संदेश लेकर नहीं जाएंगे। जल्द व्यवस्था दुरुस्त की जाए। अन्यथा पार्षद आंदोलन की राह अपनाने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन करने वालों में पार्षद सपना शर्मा, योगेन्द्र सैनी, विकास कुमार, अर्जुन सिंह चैहान, नेपाल सिंह, राधेकृष्ण शर्मा, किरण जैसल, कांग्रेसी पार्षद महावीर वशिष्ठ, आशा सारस्वत, शुमभ मैंदोला, प्रशांत सैनी, विनित जौली, नितिन शर्मा माणा तहसीन अंसारी आदि शामिल रहे।
Comments
Post a Comment