हरिद्वार। घरेलू गैस सिलेंडर के साथ पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों और महंगाई के खिलाफ कांग्रेसियों ने ज्वालापुर में केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। धरना-प्रदर्शन में महिला कांग्रेस के साथ महानगर कांग्रेस के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। सोमवार को जटवाड़ा पुल पर धरने को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष विमला पांडे ने कहा कि भाजपा के राज में आज महिलाओं का घर चलाना मुश्किल हो गया है। पूर्व में जो गैस सिलेंडर के दाम महीनों में बढ़ते थे अब वह 4 से 5 दिन में कई गुना बढ़ रहे हैं। लेकिन सरकार का इस ओर कोई ध्यान ही नहीं है। अब जनता इस लगातार बढ़ती महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरने को मजबूर हो रही है। पार्षद कमर जहां ने कहा कि देश में भाजपा के शासनकाल में जिस तरह महंगाई बढ़ रही है, ऐसी महंगाई बीते कई दशकों में देखने को नहीं मिली। मेयर अनिता शर्मा ने कहा कि सत्ता में आने से पहले भाजपा के जो बड़े-बड़े नेता, उस समय की महंगाई को लेकर कांग्रेस की खिंचाई करते थे उन्होंने आज चुप्पी साध ली है। पेट्रोल-डीजल हो या फिर घरेलू गैस सिलेंडर सभी के दाम रोजाना बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार इन पर अंकुश लगा आम लोगों को राहत देती नजर नहीं आ रही है। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव डॉ संजय पालीवाल ने कहा कि हरिद्वार की जनता ने दो-दो विधायक भाजपा को दिए, जो लंबे समय से सत्ता में बने हुए हैं। लेकिन आज शहर की जनता दोनों से पूछ रही है कि उन्होंने अपने क्षेत्र में विकास के कौन से ऐसे काम किए जिसे शहर की जनता याद रखें। आज शहर की जनता खुद को ठगा सा महसूस कर रही है। पूर्व विधायक अमरीष कुमार ने कहा कि पहले देश में लड़ाई गोरों से थी और अब वही लड़ाई चोरों से है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें अपने निम्न स्तर पर हैं लेकिन देश में पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतें अब तक के उच्चतम स्तर पर जा पहुंची हैं। सरकार जनता से अब मोदी टैक्स वसूलने में लगी हुई है। सरकार का ध्यान जनता को राहत देने से ज्यादा अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने में पर है। धरने में मुख्य रूप से प्रतिमा देवी, एसपी सिंह, मुरली मनोहर, संजय अग्रवाल, यशवंत सैनी, पार्षद अनुज सिंह, पार्षद दीपिका बहादुर, पार्षद नीलोफर अंसारी, पार्षद सोहैल कुरेशी, शैलेन्द्र सिंह, रवि कश्यप, अंकित चैहान, शहाबुद्दीन अंसारी, पार्षद इसरार सहित काफी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित हुए।
Comments
Post a Comment