हरिद्वार। ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के बहादराबाद स्थित वीआईपी विहार,सोना विहार,गणपति एनक्लेव,गोविंद विहार आदि कॉलोनियों के निवासियों ने ज्वालापुर स्थित विधायक के कैंप कार्यालय पहुंचकर विधायक रवि बहादुर को समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान लोगों ने विधायक से आबादी क्षेत्र से फैक्ट्री हटवाने की गुहार लगाई। स्थानीय निवासियों संदीप कुमार,पदमसिंह,सुरेश,रोहित,प्रेमसिंह,मोहित,सागर,हरप्रीत,अवनीश,मुनेशचैहान,राजकुमार,सुशीला, सुरेंद्र, वंदना,गोमा,कलश, निर्मला, सुरेंद्र आदि का आरोप है कि पिछले चार वर्ष से आबादी क्षेत्र में प्लास्टिक का दाना बनाने की फैक्ट्री के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में स्कूल भी हैं और बड़े बड़े ओवरलोडिंग ट्रक आने से बड़ी दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2021 में एसडीएम पूरन सिंह राणा को लिखित में आपत्ति दर्ज करवाई गई थी। लेकिन फरवरी 2022 में आपत्ति को दरकिनार करते हुए निजी औद्योगिक कंपनी संचालन के लिए उक्त भूमि को औद्योगिक भूमि कर दिया। जबकि राज्य सरकार द्वारा कॉलोनी को औद्योगिक क्षेत्र घोषित नहीं किया गया है। जिलाधिकारी ने मौखिक तौर पर कहा था कि आबादी क्षेत्र में फैक्ट्री नही हो सकती और इसे हटाया जाएगा। फैक्ट्री का दूषित पानी सिंचाई विभाग की नहर में भी जा रहा है, जिसमे प्लास्टिक आदि का कचरा बहता रहता है। प्लास्टिक जलाने से निकलने वाले काले धुंए से घुटन की समस्या बनी रहती है। दिन रात फैक्ट्री से आने वाली आवाज के कारण बच्चों की पढ़ाई और आराम में भी खलल होता है। जब फैक्ट्री लगनी शुरू हुई थी तब भी विरोध किया गया था लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। विधायक रवि बहादुर ने कहा कि आबादी क्षेत्र में फैक्ट्री नहीं होनी चाहिए। इस प्रकार की फैक्ट्री जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी होती हो उसे प्रशासन को तत्काल प्रभाव से अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाना चाहिए।
Comments
Post a Comment