जगदीश आश्रम में मनाया गया आजादी का अमृत महोत्सव
हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार स्थित जगदीश आश्रम में स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव के तहत संतों एवं भक्तों को तिरंगे वितरित किए गए। साथ ही तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की गयी। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के महामंडलेश्वर एवं भारत माता मंदिर के महंत ललितानंद गिरि महाराज के नेतृत्व में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान चलाया गया। संतों के साथ ही श्रद्धालु भक्तों को तिरंगा वितरित किया गया। इस अवसर महामंडलेश्वर ललितानंद गिरी महाराज ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान, शान है और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज भारत के अतीत के गौरव, वर्तमान की प्रतिबद्धता और भविष्य के सपनों का प्रतिबिंब है। यह देश की एकता, अखंडता और विविधता का प्रतीक है। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान देनेा सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि देश के क्रांतिकारी महापुरुषों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर बलिदान दिया है। जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। स्वामी जगदीश महाराज ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान की शानदार सफलता के लिए हम सबको मिलकर काम करना होगा। तिरंगा पूरे देश को एकबद्ध करता है। साध्वी बालवृती ने कहा कि हर घर तिरंगा’ अभियान से राष्ट्रभक्ति की भावना और अधिक प्रबल होगी। सभी अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं और हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाएं। इस मौके पर स्वामी जगदीशानन्द,साध्वी बाल बृति,साध्वी गीता योगी,साध्वी सुनीता माता,प्रवीण शर्मा,आलोक यादव,सतीश जोशी,राहुल शुक्ला,कृष्णा,केशव महाराज, किशन वर्मा आदि मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment