देहरादून। उत्तराखंड में हो रहे 38वें राष्ट्रीय खेल में एथलेटिक्स के रेस वॉक इवेंट में इतिहास रच दिया गया,जब 14साल बाद पुरुषों की 20किमी रेस वॉक का राष्ट्रीय खेलों का रिकॉर्ड टूटा। 2011 में झारखंड के गुरमीत सिंह ने 1घंटा 23मिनट 26सेकंड में रेस पूरी कर यह रिकॉर्ड बनाया था,जो इस बार छह भारतीय एथलीटों ने पीछे छोड़ दिया। सबसे तेज प्रदर्शन करते हुए सर्विन सेबस्टियन(सर्विसेज) ने 1घंटा 21मिनट 23सेकंड में रेस पूरी कर नया राष्ट्रीय खेल का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इसके अलावा सूरज पंवार (उत्तराखंड),अमनजोत सिंह (पंजाब), परमजीत सिंह(सर्विसेज),राम बाबू (उत्तर प्रदेश) और मुकेश निठारवाल (राजस्थान) ने भी गुरमीत सिंह के 2011 के रिकॉर्ड से बेहतर समय निकाला।
टूटे रिकॉर्ड और नए समय
सर्विन सेबस्टियन (सर्विसेज) 1.21.23 (नया राष्ट्रीय खेलों का रिकॉर्ड) सूरज पंवार (उत्तराखंड) 1.21.34,अमनजोत सिंह (पंजाब) 1.21.42,परमजीत सिंह(सर्विसेज) 1.22.02,राम बाबू (उत्तर प्रदेश) 1.22.26 मुकेश निठारवाल (राजस्थान) 1.22.52। 14 साल तक अटूट रहे इस रिकॉर्ड के एक साथ छह धावकों द्वारा टूटने से भारतीय एथलेटिक्स में नई ऊर्जा आई है। यह उपलब्धि न केवल एथलीटों की फिटनेस और तकनीकी सुधार को दर्शाती है,बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय प्रतिस्पर्धियों के बढ़ते कद का संकेत भी देती है।
महिलाओं की 10 किमी रेस वॉक में भी नया रिकॉर्ड
पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की 10किमी रेस वॉक में भी राष्ट्रीय खेलों का रिकॉर्ड टूटा। 2023 में मणिपुर की वाई बाला देवी द्वारा बनाए गए 51ः56के रिकॉर्ड को नौ एथलीटों ने तोड़ा,और हरियाणा की रवीना ने 45मिनट 52सेकंड के नए रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। यह प्रदर्शन भारतीय एथलीटों की लगातार बेहतर होती तैयारी और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की मजबूत उपस्थिति का संकेत देता है।
राष्ट्रीय खेल टेनिस फाइनल इशक, वैदेही और लोहित-लक्ष्मी प्रभा ने जीते स्वर्ण पदक
देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित टेनिस कोर्ट में 38वें राष्ट्रीय खेल की लॉन टेनिस स्पर्धा के सातवें और अंतिम दिन रोमांचक फाइनल मुकाबले खेले गए। मिश्रित युगल,पुरुष एकल और महिला एकल के फाइनल में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला,जहां तमिलनाडु,सर्विसेज और गुजरात ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
मिश्रित युगल तमिलनाडु की जोड़ी ने दिखाया दम
मिश्रित युगल फाइनल में तमिलनाडु की जोड़ी लोहित अक्ष बद्रीनाथ और लक्ष्मी प्रभा अरुण कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कर्नाटक के निक्की के पूनाचा और सोहा सादिक को सीधे सेटों में 6-4,6-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इस जीत के साथ तमिलनाडु ने टेनिस स्पर्धा में अपना दबदबा कायम रखा। इस स्पर्धा में हरियाणा के सुनील कुमार और अदिति रावत तथा पश्चिम बंगाल के नितिन कुमार सिन्हा और युबरानी बनर्जी ने कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुष एकल सर्विसेज के इशक इकबाल बने चौंपियन
पुरुष एकल फाइनल में गुजरात के देव वी जाविया और सर्विसेज के इशक इकबाल के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। पहला सेट गंवाने के बाद इशक ने शानदार वापसी करते हुए 3-6,6-4,7-6(5) से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। गुजरात के देव वी जाविया को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।तमिलनाडु के मनीष सुरेश कुमार और कर्नाटक के प्रज्वल देव ने इस स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया।
महिला एकल वैदेही चौधरी ने गुजरात को दिलाया स्वर्ण
महिला एकल फाइनल में गुजरात की वैदेही चौधरी ने महाराष्ट्र की वैष्णवी अडकर को सीधे सेटों में 6-4,6-4 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। महाराष्ट्र की वैष्णवी को रजत पदक मिला। वहीं,महाराष्ट्र की आकांक्षा नित्तुरे और कर्नाटक की अमोदिनी नाइक ने कांस्य पदक जीता। 38वें राष्ट्रीय खेल की लॉन टेनिस स्पर्धा के इन मुकाबलों ने खेल प्रेमियों को रोमांच से भर दिया। देहरादून में आयोजित इस टूर्नामेंट में देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपनी क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
Comments
Post a Comment